नितिन नबीन आधिकारिक तौर पर बने BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष, PM Modi ने कहा - अब नबीन ही मेरे बॉस

PM Modi on Nitin Nabin: बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन अब आधिकारिक तौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित हो चुके हैं। नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में सभी दिग्गज नेताओं के बीच बीजेपी राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉक्टर के लक्ष्मण ने इस बात की आधिकारिक घोषणा कर दी है। चुनाव अधिकारी के आधिकारिक ऐलान के बाद नितिन नबीन को निर्वाचन पत्र सौंपा गया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने भी नितिन नबीन को बधाई दी और कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नितिन को नई जिम्मेदारी पर उन्हें वो बधाई देते हैं।
नितिन खुद एक मिलेनियल- PM Modi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में बताया कि कैसे अटल बिहारी वाजपेई, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में शुरू की गई भारतीय जनता पार्टी ने कैसे अपना सफर शुरू किया और फिर राजनाथ सिंह, अमित शाह के नेतृत्व में क्या-क्या उपलब्धियां पार्टी ने हासिल कीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब नितिन नबीन बीजेपी की इस विरासत को आगे बढ़ाएंगे। नितिन खुद भी एक तरह से मिलेनियल हैं। वो उस पीढ़ी है जिन्होंने बचपन से रेडियो से खबरें पाईं और आज AI के एक्टिव यूजर हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं कहना चाहता हूं कि मैं बीजेपी का एक कार्यकर्ता भर हूं, और इसका मुझे गर्व है। अब नए अध्यक्ष नितिन नबीन मेरे बॉस हैं।
'हमारे यहां मेंबरशिप से ज्यादा रिलेशनशिप चलती है'
पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में तकनीक का उत्थान देखा है। जो पार्टी के लिए बहुत उपयोगी होगा। पार्टी के अध्यक्ष का काम सिर्फ पार्टी के काम-काज को देखना और फैसलों को लेना नहीं बल्कि NDA यानी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को संभालना और उसे आगे ले जाना भी है। गठबंधन में शामिल सभी पार्टियों को एक परिवार की तरह संभालना और उसे बनाए रखना बेहद अहम हैं। हमारे यहां मेंबरशिप से ज्यादा रिलेशनशिप चलती है और पार्टी इसी में विश्वास करती है।
जिसे राजनीति शुरू करनी है, बीजेपी में आ जाए
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारी पार्टी में नेतृत्व बदलता है लेकिन दिशा नहीं बदलती। बीजेपी का स्वरूप नेशनल है। बीजेपी का स्पिरिट नेशनल है। क्योंकि हमारा जुड़ाव लोकल है। हमारी ज़डें जमीन के नीचे गहरी है। बीजेपी रिजनल एस्परेशन को प्लेटफॉर्म देती है। आज देश के कोने-कोने के लोग बीजेपी के साथ है, पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं और इतना ही नहीं जो भी राजनीति शुरू करना चाहता है उसे बीजेपी का द्वार सबसे सुरक्षित लगता है।
नितिन नबीन ने मुख्यालय जाने से पहले मंदिरों में की पूजा
नितिन नबीन के समर्थन में 37 नामांकन दाखिल हुए थे। नितिन नबीन पार्टी मुख्यालय पहुंचने से झंडेवालान मंदिर गए, यहां पूजा-पाठ करने के बाद उन्होंने हनुमान मंदिर में पूजा की और फिर बंगला साहिब गुरुद्वारे जाकर माथा टेका। बता दें कि पार्टी मुख्यालय में नितिन नबीन की पत्नी औऱ उनका परिवार भी मौजूद रहा।
नितिन नबीन को अध्यक्ष बनाना कई मायनों में ऐतिहासिक
बता दें कि नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने का पार्टी का ये फैसला कई तरह से ऐतिहासिक है। पहला ये कि पहली बार इतने कम उम्र का युवा अध्यक्ष बीजेपी को मिला है। वहीं पहली बार बीजेपी के संस्थापक नेताओं लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है। क्योंकि बीजेपी के संविधान के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक 50% राज्यों में संगठनात्मक चुनाव पूरा होना जरूरी है। लेकिन दिल्ली में ये प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी, जिससे राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चयन में देरी हुई और नतीजा ये रहा कि आडवाणी और जोशी इस बार निर्वाचन मंडल का हिस्सा नहीं बन सके।
इस लिंक को शेयर करें