सांसद प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा ने की गर्लफ्रेंड अवीवा बेग से सगाई

कांग्रेस की दिग्गज नेता और सांसद प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा ने अपनी लॉन्गटाइम गर्लफ्रेंड अवीवा बेग से सगाई कर ली है। 25 वर्षीय रेहान वाड्रा ने अवीवा बेग को अंगूठी पहनाकर शादी के लिए प्रपोज किया, जिसे अवीवा ने स्वीकार कर लिया। इसके साथ ही दोनों ने अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप से घोसणा भी कर दी।
बताया जा रहा है कि रेहान वाड्रा और अवीवा बेग पिछले करीब 7 वर्षों से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। दोनों परिवारों के बीच पहले से ही करीबी संबंध रहे हैं और वाड्रा परिवार ने इस रिश्ते को पहले ही मंजूरी दे दी थी। अवीवा बेग दिल्ली की रहने वाली हैं और उनका परिवार भी वाड्रा परिवार के बेहद करीब माना जाता है।
रेहान वाड्रा पेशे से वर्चुअल आर्टिस्ट और फोटोग्राफर हैं। उन्हें कम उम्र से ही फोटोग्राफी का शौक रहा है। महज 10 साल की उम्र से ही वे दुनिया के अलग-अलग हिस्सों की खूबसूरत तस्वीरें कैमरे में कैद करते आ रहे हैं। रेहान कमर्शियल फोटोग्राफी के साथ-साथ वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी में भी सक्रिय हैं।
साल 2017 में एक स्कूल क्रिकेट मैच के दौरान रेहान की आंख में गंभीर चोट लग गई थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपने पैशन को नहीं छोड़ा। उन्होंने कई कला प्रदर्शनियों में हिस्सा लिया है। वर्ष 2021 में नई दिल्ली के बीकानेर हाउस में आयोजित ‘डार्क परसेप्शन’ नामक सोलो एग्जीबिशन के जरिए उन्होंने अपने कला करियर की शानदार शुरुआत की थी।
रेहान वाड्रा और अवीवा बेग की सगाई की खबर सामने आने के बाद से राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। दोनों को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
इस लिंक को शेयर करें