राजपाल यादव को नहीं मिली जमानत, चार रातें और काटनी होंगी जेल में।

Rajpal Yadav Bail Rejected: बॉलीवुड के स्टार कॉमेडियन राजपाल यादव एक कानूनी मामले को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। लोन रीपेमेंट के चेक बाउंस होने और कर्ज ना चुकाने की वजह से राजपाल यादव पर मुकदमा चल रहा है, जिसके लिए वे अभी तिहाड़ जेल में अपनी रातें गिन रहे हैं।
दरअसल, साल 2012 में राजपाल यादव ने अपनी खुद की ‘अता पता लापता’ नामक फिल्म रिलीज़ की थी, जिसके लिए उन्होंने 5 करोड़ रूपये मुरली प्रोजेक्ट्स से लिए थे। राजपाल का कहना है कि मुरली प्रोजेक्ट्स ने ये पैसा फिल्म में निवेश किया था। बदले में निवेशक के पोते को लॉन्च करने की बात हुई थी। लेकिन कंपनी का कहना है कि ये राशि बतौर कर्ज दी गयी थी, जिसे ब्याज के साथ लौटाने कि बात हुई थी, जो कि बढ़कर अब 9 करोड़ हो गया है।
विवाद यह चल रहा कि वे तय समय पर कर्ज नहीं चुका पाए। इस बीच उन्होंने कई चेक्स भी दिए, लेकिन सारे चेक बाउंस हो गए। इसके बाद यह मामला 2018 में कोर्ट में चला गया। कोर्ट ने कई बार राजपाल यादव को कर्ज़ चुकाने के लिए मोहलत भी दी, लेकिन इसके बाद भी वे पूरा कर्ज नहीं चुका पाए। इसलिए कोर्ट ने इस मामले को सख्ती से लिया और उन्हें डिफॉल्टर मानते हुए छह महीने की सजा सुनाई। इसके बाद भी उन्होंने कुछ और समय की मांग की, ताकि पैसों की व्यवस्था की जा सके। लेकिन कोर्ट ने याचिका यह कहते हुए खारिज कर दी कि उन्हें पर्याप्त मौके दिए जा चुके हैं। अब और समय नहीं दिया जा सकता।
इसके बाद 5 फरवरी को राजपाल यादव ने सरेंडर कर दिया। लेकिन उससे पहले उन्होंने सोशल मिडिया के जरिए अपनी बात शेयर करते हुए बताया कि वे अपना क़र्ज़ क्यों नहीं चुका पा रहे हैं। उनका कहना है कि उनके पास पैसे ही नहीं हैं कर्ज चुकाने के लिए और कोई रास्ता भी नहीं दिख रहा, ना ही कोई मदद करने वाला है। इस खुलासे के बाद कई बॉलीवुड के सितारे उनकी मदद के लिए आगे आए। बता दें कि सोनू सूद ने उन्हें अपनी आने वाले फिल्म में रोल देने कि बात कही है और इसके लिए वे पैसे एडवांस देने को भी तैयार है। वहीं, तेजप्रताप यादव, सलमान खान, अजय देवगन, वरूण धवन और अन्य सेलेब्रिटी ने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाया है।
मामले को लेकर 12 फरवरी को कोर्ट में सुनवाई हुई, जिसके बाद भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली। बड़ी बात ये भी है कि 17 फरवरी को राजपाल यादव के किसी करीबी की शादी है, जिसके लिए उन्होंने जमानत के लिए याचिका दायर की थी। लेकिन कोर्ट ने याचिका को रद्द कर दिया गया है। कोर्ट ने कहा कि उन्होंने राजपाल का पक्ष तो सुन लिया है, लेकिन शिकायतकर्ता का पक्ष सुनना बाकी है। इसके बाद ही कोई फैसला हो पाएगा। इसलिए अगली सुनवाई तक उन्हें जेल में ही रहना होगा।
मामले में अगली सुनवाई आने वाले सोमवार यानि 16 फ़रवरी को होगी। उम्मीद की जा रही है कि दूसरे पक्ष कि बात सुनने के बाद उन्हें ज़मानत मिल सकती है। 17 फ़रवरी को उनके परिवार में शादी है और उनके परिवार वाले उनका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
कंटेंट - कृति कुमारी
इस लिंक को शेयर करें

