पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक मस्जिद में फिदायीन हमला, अब तक 12 की मौत

Pakistan Suicide Attack: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद एक बार फिर दहशत से कांप उठी। जुमे की नमाज के बीच शहर की शिया मस्जिद कस्र-ए-खदीजतुल कुब्रा के मेन गेट पर एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हमले में अब तक 12 लोगों की मौत हो की पुष्टि हो चुकी है जबकि 80 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं। वहीं मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
धमाके के बाद राजधानी में हाई अलर्ट
हमले के तुरंत बाद (Pakistan Bomb Blast) इस्लामाबाद प्रशासन ने पूरे शहर में इमरजेंसी का ऐलान कर दिया। मस्जिद के आस-पास का इलाका सुरक्षा बलों ने पूरी तरह घेर लिया है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। वहीं अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है और ना ही सरकार ने इसकी वजहों पर कोई आधिकारिक बयान दिया है।
हमलावर ने गेट पर दबाया बटन
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हमलावर नमाज के समय मस्जिद (Pakistan Terror Attack) के एंट्री गेट तक पहुंचा और वहीं विस्फोट कर दिया। धमाके के बाद चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंचीं और घायलों को PIMS और CDA अस्पतालों में भर्ती कराया गया। PIMS के कार्यकारी निदेशक के निर्देश पर अस्पताल में आपातकाल लागू कर दिया गया है। इमरजेंसी, बर्न यूनिट, ऑर्थोपेडिक और न्यूरोलॉजी विभाग को फौरन एक्टिव कर दिया गया है।
इस्लामाबाद में 3 महीने में दूसरा बड़ा हमला
इस धमाके ने लोगों की यादें एक बार फिर ताजा कर दी हैं, क्योंकि सिर्फ तीन महीने पहले G-11 क्षेत्र में जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर भी एक बड़ा आत्मघाती हमला हुआ था, जिसमें 12 लोग मारे गए थे और 30 से अधिक घायल हुए थे।
भारत ने दिया था करारा जवाब
पाकिस्तान सरकार ने उस हमले के लिए भारत को दोषी ठहराने की कोशिश की थी, लेकिन भारत ने इसे सिरे से खारिज करते हुए कहा था कि यह पाकिस्तान की पुरानी रणनीति है। वो अपने घरेलू मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए ये कर रहा है। उस वक्त भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि पाकिस्तान अपने आंतरिक संकटों को ढकने के लिए भारत पर उंगली उठाता रहता है। राजनीतिक अस्थिरता, सत्ता संघर्ष और खराब प्रशासन को छुपाने के लिए पाकिस्तान अक्सर ऐसे नैरेटिव गढ़ता है।
इस लिंक को शेयर करें