भजनलाल सरकार की कैबिनेट बैठक: डिस्टर्ब एरिया बिल समेत इन मुद्दों पर होगी चर्चा, आ सकता है बड़ा फैसला

Bhajan Lal cabinet meeting: राजस्थान में बुधवार दोपहर होने वाली कैबिनेट बैठक कई बड़े फैसलों के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajan Lal Sharma) की अध्यक्षता में विधानसभा सचिवालय में दोपहर 1 बजे बैठक शुरू होगी। बजट सत्र के बीच बुलाई गई ये बैठक राजनीतिक और प्रशासनिक नजरिए से काफी अहम मानी जा रही है।
निकाय और पंचायत चुनाव में बदल सकता है नियम
इस बैठक की जो सबसे बड़ी बात है वो पंचायत और निकाय चुनाव (Rajasthan Panchayat Nikay Election 2026) से जुड़ी हुई है। इसमें भी इस बात पर चर्चा होने वाली है कि क्या निकाय और पंचायत चुनावों में लागू ‘दो बच्चों की बाध्यता’ को हटाने पर सरकार अंतिम फैसला लेगी। क्योंकि लंबे समय से इसकी चर्चा चल रही है। वहीं कुछ दिन पहले विधानसभा में इसी मुद्दे से जुड़े सवाल पर सरकार ने लिखित जवाब पेश किया था। जिसमें ये कहा गया था कि दो से ज़्यादा बच्चों वाले लोग भी निकाय चुनाव लड़ सकेंगे। पहले ये प्रतिबंध था ताकि प्रतिनिधि परिवार नियोजन को बढ़ावा दें। धारा 24 के तहत नियम है 2 से ज्यादा बच्चे वाले लोग चुनाव नहीं लड़ सकते हैं और वो भी 27 नवंबर 1995 से पहले के बच्चों की संख्या पर डिपेंड करती है।
हालांकि धारा 24 में संसोधन के लिए विधि विभाग को फाइल भेजी हुई है जो अभी प्रक्रियाधीन ही है। यानी अब आने वाले समय में ये रोक हट जाएगी। 2 से ज्यादा बच्चे वाले लोग निकाय चुनाव लड़ सकते हैं।
‘डिस्टर्ब एरिया’ विधेयक (Disturb Area Bill) को मंजूरी की तैयारी
कैबिनेट मीटिंग में ‘डिस्टर्ब एरिया’ विधेयक को विधानसभा में पेश करने की औपचारिक मंजूरी मिलने की भी संभावना जताई जा रही है। पिछले दिनों ये प्रस्ताव काफी सुर्खियों में रहा था और सरकार इसे इसी सत्र में आगे बढ़ाना चाहती है।
उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए बड़े प्रस्ताव
कैबिनेट बैठक में औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े 3 प्रमुख प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी। इनमें—
उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए रियायतें
ऊर्जा उत्पादन इकाइयों को भूमि आवंटन
सरकारी सेवा नियमों में बदलाव जैसे कई बड़े अहम फैसले शामिल हैं। सरकार का लक्ष्य राज्य में निवेश को बढ़ावा देना और औद्योगिक माहौल को सरल बनाना है।
विधानसभा में आज कई अहम मुद्दों पर चर्चा
कैबिनेट बैठक के साथ-साथ विधानसभा में भी दिन काफी व्यस्त रहने वाला है। प्रश्नकाल में उपमुख्यमंत्री पीसी बेरवा पेयजल, उद्योग, बिजली और राजस्व विभाग से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। इसके बाद नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा जयपुर, जोधपुर और कोटा सहित 7 बड़े विकास प्राधिकरणों और हाउसिंग बोर्ड की वार्षिक रिपोर्ट सदन में रखेंगे। इसके साथ कई सरकारी कंपनियों की CAG रिपोर्ट भी टेबल पर रखी जाएगी।
इस लिंक को शेयर करें

