ईरान ने ठुकरा दी अमेरिका के साथ दूसरे दौर की शांति वार्ता! कहा- अमेरिका बहुत ज्यादा मांगें कर रहा है!

Iran Rejects Second Round of Peace Talks: ईरान ने अमेरिका के साथ पाकिस्तान के इस्लामाबाद में होने वाली दूसरे दौर की शांति वार्ता में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया है। ईरान ने कहा की अमेरिका युद्ध रोकने के लिए बहुत ज्यादा मांगें कर रहा है और सीजफायर का भी उल्लंघन किया गया है। इन वजहों को बताते हुए ईरान ने शांति वार्ता की दूसरी बैठक में अपनी मौजूदगी को खारिज कर दिया।
ईरान ने कहा कि अमेरिका इस युद्ध को ख़त्म करने के लिए लगातार अपनी शर्तें बदल रहा है। अमेरिका ऐसी मांगें रख रहा है, जो अनुचित है और ईरान को विकास की दृष्टि से काफी नीचे गिरा सकती है। साथ ही, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में नौसेना की मदद से नाकाबंदी करके सीधे तौर पर सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। ऐसे माहौल में दोनों देशों के बीच बातचीत की कोई गुंजाइश नहीं है।
ईरान के वरिष्ठ अधिकारी इब्राहिम जोल्फागरी ने स्पष्ट किया कि तेहरान ने अमेरिका के साथ सभी बातचीतों को आधिकारिक रूप से खारिज कर दिया है और अब कोई भी शांति समझौता रद्द माना जाएगा। उन्होंने अमेरिकी दावों को प्रोपेगेंडा और ब्लेम गेम तक कह दिया।
आपको बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने 19 अप्रैल को सोशल मीडिया पर दावा किया था कि उनके प्रतिनिधि शांति वार्ता करने के लिए इस्लामाबाद पहुंच रहे हैं और जल्द ही दूसरे दौर की बातचीत होगी। लेकिन ईरान ने इस खबर को गलत बताया और कहा कि ईरान इस बैठक में शामिल नहीं होगा।
इस बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में भी तनाव बढ़ गया है। ईरान ने होर्मुज़ इलाके को पूरी तरह बंद करने की घोषणा की है। हाल ही में अमेरिका ने एक ईरानी जहाज़ को भी ज़ब्त कर लिया था, जिसके बाद ईरान ने भी जवाबी ड्रोन हमले किये थे। इन सब के बाद अब शांति की गुंजाइश और कमजोर हो गई हैं।
इस लिंक को शेयर करें

