वीर बाल दिवस पर 20 बच्चों को 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार', राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

वीर बाल दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियां हासिल करने वाले बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया। इस वर्ष देशभर के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चुने गए कुल 20 बच्चों को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बच्चों को पुरस्कार देकर उनके साहस, प्रतिभा और समर्पण की सराहना की। सम्मानित होने वाले बच्चों में बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी भी शामिल हैं, जिन्होंने मात्र 14 वर्ष की उम्र में क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना ली है। वैभव ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। क्रिकेट पिच पर उनकी उपलब्धियों को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें देश के सबसे बड़े बाल सम्मान से नवाजा।
इसके अलावा, राष्ट्रीय बाल पुरस्कार पाने वाले बच्चों में पंजाब के फिरोजपुर निवासी श्रवण सिंह भी शामिल हैं। श्रवण सिंह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान सीमा पर तैनात जवानों को चाय-नाश्ता उपलब्ध कराकर मानवता और सेवा का उदाहरण पेश किया था।
गौरतलब है कि वीर बाल दिवस गुरु गोविंद सिंह के चार साहिबजादों—अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह—की शहादत की स्मृति में मनाया जाता है। इतिहास के अनुसार 26 दिसंबर 1705 को मुगल सेना द्वारा चारों साहिबजादों को वीरगति प्राप्त हुई थी। उनकी अद्वितीय वीरता और बलिदान को सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ने कहा कि ये बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेंगी। उन्होंने सभी पुरस्कार विजेताओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस लिंक को शेयर करें