THU, 05 FEBRUARY 2026

करोड़ों का पैतृक मकान दान! आरएसएस प्रचारक दिनकर राव सबनीस ने गरीब युवाओं के लिए इंदौर में बनवाया फ्री कोचिंग सेंटर – CM मोहन यादव ने की तारीफ

news image
मध्य प्रदेश
04 Feb 2026, 05:30 pm
60 देखें
रिपोर्टर : Dushyant

Indore: Dinkar Rao Sabnis Donated House: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले आर्थिक रूप से कमज़ोर युवा वर्ग के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक दिनकर राव सबनीस ने अपना करोड़ों का घर दान में दे दिया। समाज के लिए अपनी निस्वार्थ भावना रखते हुए दिनकर ने अपना पैतृक मकान बच्चों की शिक्षा के लिए एक सोसाइटी के माध्यम से दान कर दिया है। इंदौर के संगम नगर में स्थित इस घर को अब 'यूथ विंग्स वेलफेयर सोसायटी' संचालित करेगी, जहां पर युवा वर्ग के लिए निःशुल्क कोचिंग, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, लाइब्रेरी और कंप्यूटर रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।


घर दान करने के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक सुरेश सोनी, शहरी विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जस्टिस मिलिंद रमेश फडके और कई अन्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इसकी तारीफ करते हुए कहा कि राज्य सरकार समाज को आगे बढ़ाने वाली हर ऐसी कोशिश को पूरी मदद करेगी। इसी के साथ, नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी इस पहल के लिए 11 लाख रुपये की मदद करने का ऐलान किया।


सुरेश सोनी ने कहा कि अभी तो ये सिर्फ एक भवन है, लेकिन जब इसे केंद्र के रूप में खड़ा करेंगे, तब इसका विशेष महत्व होगा। आज लोग प्रसिद्धि पर ज्यादा ध्यान देते हैं, जबकि ज़मीन पर कुछ ख़ास नहीं होता है। सामाजिक परिवर्तन लाना मूल उद्देश्य होना चाहिए। भवन का महत्व नहीं, भावनाओं का महत्व होना चाहिए। सबनीस और उनके परिवार ने साबित किया कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है।


दिनकर राव सबनीस इंजीनियरिंग की डिग्री लेने के बाद से ही संघ और इसके कार्यों से जुड़ गए थे। वे अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रहे और देशभर में आरएसएस की स्थिति को मजबूत करने का काम किया। उनकी मां भी पहले संघ की संस्थापक सदस्य रहीं, जबकि पिता पुलिस अधीक्षक (SP) पद पर रहे।


दान में दिए गए घर की कीमत करीब 1.1 करोड़ रुपये है। दिनकर ने पूरे परिवार की रजामंदी लेकर ही यह दान किया। सोसायटी के ट्रस्टियों ने बताया कि यहां से हजारों बच्चे लाभान्वित होंगे और बेहतर भविष्य की तरफ आगे बढ़ेंगे।

.

.

.

कंटेंट - जितेश जेठानंदानी


इस लिंक को शेयर करें

ads
लेटेस्ट खबरें
ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.