प्यार का पागलपन: सनकी आशिक ने वरमाला के दौरान दुल्हन को गोली मारी

Bihar Buxar Bride Shot During Jaimala: बिहार के बक्सर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी के दौरान जयमाला की रस्म के बीच एक पगलाए आशिक ने स्टेज पर चढ़कर दुल्हन को गोली मार दी, जिससे शादी का माहौल मातम और दहशत में बदल गया।
घटना मंगलवार को रात के करीब 10-11 बजे चौसा नगर पंचायत के मल्लाह टोला में घटी। जानकारी के अनुसार, 24 फ़रवरी को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से बारात आई थी, जिसके साथ शादी का समारोह चल रहा था। द्वारपूजा के बाद दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर पहुंचे और एक दूसरे को वरमाला पहनाकर रिश्तेदारों के साथ तस्वीरें खिंचवा रहे थे। तभी भीड़ में छिपा दुल्हन का पूर्व प्रेमी अचानक स्टेज पर चढ़ा, बन्दूक निकाली और दुल्हन के पेट में गोली दाग दी। गोली लगते ही दुल्हन खून से लथपथ होकर स्टेज पर गिर पड़ीं।
दुल्हन की पहचान 18 वर्षीय आरती कुमारी के रूप में हुई है, जो वारदात के बाद गंभीर रूप से घायल हो गयी। परिजनों ने उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां स्थिति को गंभीर देखते हुए प्राथमिक इलाज दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहाँ दुल्हन की हालत नाजुक बनी हुई है।
शुरूआती जांच में मामला एकतरफा प्यार का सामने आया है। आरोपी युवक दीनबंधु दुल्हन का पड़ोसी और परिचित बताया जा रहा है। वह दुल्हन को पसंद करता था, लेकिन उसका प्यार एकतरफा था। शादी की खबर से गुस्साए आरोपी ने यह कदम उठाया। गोली चलाने के बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और छापेमारी जारी है। मुफस्सिल थाना पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गोली चलते ही लोगों के भागने और चीख-पुकार की आवाजें सुनाई दे रही हैं। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
इस लिंक को शेयर करें

