भारत ने EEZ में 3 ईरानी जहाज़ किए जब्त - इंटरनेशनल ऑइल स्मगलिंग और शैडो फ्लीट पर शिकंजा

India Seizes 3 Iranian Oil Tankers/Ships: भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रही तेल की स्मगलिंग के खिलाफ एक बड़ा कदम उठाते हुए तीन संदिग्ध जहाजों को पकड़ लिया है। भारत की तटीय सुरक्षा एजेंसियों और तटरक्षक बल ने 6 फरवरी को मुंबई से लगभग 100 नॉटिकल मील पश्चिम में अपने एक्सक्लूसिव इकोनोमिक जोन (EEZ) में तीन संदिग्ध तेल टैंकरों को रोका और जब्त कर लिया। तीनों जहाज़ अमेरिका की ओर से प्रतिबंधित जहाज़ (Us Sanctioned Ships) बताए जा रहे हैं। यह सब ऐसे वक़्त में हुआ है, जब अमेरिका और भारत के बीच स्थिति सुधर रही है।
जब्त किए गए जहाजों के नाम स्टेलर रूबी, एस्फाल्ट स्टार और अल जाफजिया (Stellar Ruby, Asphalt Star, Al Jafzia) हैं। तीनों जहाज़ अमेरिका द्वारा प्रतिबंधित हैं। खबर के अनुसार, तीनों जहाज़ ईरान से तेल ले जा रहे थे और अमेरिका के नियमों से बचने के लिए ‘शैडो फ्लीट’ की तरह काम कर रहे थे। ये जहाज़ नाम और झंडा बार-बार बदलकर अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों से बचने की कोशिश करते हैं। ज़ब्त करने के समय स्टेलर रूबी पर ईरानी झंडा लगा हुआ था। इन जहाजों का प्रबंधन दुबई में रहने वाले भारतीय नागरिक जुगविंदर सिंह बराड़ द्वारा किया जाता है और ये करीब 30 टैंकरों वाले बेड़े का हिस्सा है। (Oil Smuggling)
यह कार्रवाई ठीक उसी दिन हुई, जब भारत और अमेरिका ने ट्रेड डील का फ्रेमवर्क जारी किया था। इस डील में अमेरिका ने भारतीय सामान पर इम्पोर्ट शुल्क 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया था। हालाँकि, जहाज़ों को 6 फ़रवरी को ही पकड़ लिया गया था, लेकिन सुरक्षा दल ने किन्हीं कारणों से सूचना पब्लिक नहीं की थी।
खबर के सामने आने के बाद ईरान की तेल कंपनी ने कहा कि ज़ब्त किये गए जहाज़ों या उनके माल से कंपनी का किसी प्रकार का कोई भी संबंध नहीं है। गौरतलब है कि पिछले साल दिसंबर में ईरान ने भी एक भारतीय तेल टैंकर ‘MT वैलिएंट रोअर’ को पकड़ा था, जिसमें 16 भारतीय नाविक सवार थे। इनमें से 8 को रिहा किया जा चुका है, जबकि 8 अभी भी ईरानी हिरासत में हैं।
इस घटना के बाद भारतीय तटरक्षक बल ने समुद्री क्षेत्र में निगरानी अभियान को और तेज कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, अब 55 जहाज और लगभग 12 विमान 24 घंटे भारत के समुद्री इलाकों की निगरानी कर रहे हैं। भारत ने यह कदम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रही अवैध तेल तस्करी और स्मगलिंग को रोकने के लिए उठाया गया है।
इस लिंक को शेयर करें

