रोहित शेट्टी के घर गोलियां चलाने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने हरियाणा से पकड़ा, लॉरेंस गैंग से जुड़े हुए थे तार

रोहित शेट्टी के घर गोलियां चलाने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने हरियाणा से पकड़ा, लॉरेंस गैंग से जुड़े हुए थे तार
राष्ट्रीय
16 Feb 2026, 05:01 pm
रिपोर्टर : Dushyant

Shooting at Rohit Shetty House: बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित ऑफिस पर हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई की क्राइम ब्रांच और हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फ़ोर्स ने साथ मिलकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस मुंबई लाने की तैयारी कर रही है। इस मामले में अब तक कुल 11 लोग हिरासत में लिए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि यह हमला कुख्यात लॉरेंस गैंग से जुड़ा हुआ है, जिसका मकसद धमकी देना और फिरौती वसूलना था।

घटना 31 जनवरी की रात मुंबई के जुहू इलाके में घटी थी, जब कुछ अज्ञात हमलावरों ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर पांच गोलियां चलाई थी। एक गोली घर में जिम के शीशे पर लगी, लेकिन किसी को चोट नहीं आई। पुलिस जांच में पता चला कि मुख्य शूटर दीपक विदेश में रहने वाले लॉरेंस गैंग के मेम्बर हरि बॉक्सर और आरजू उर्फ शुभम लोंकर के संपर्क में था। गिरफ्तार अन्य आरोपी सनी और सोनू ने बिल्डिंग की रेकी की थी, जबकि रितिक यादव ने हमलावरों को छिपाने में मदद की। ये सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।

मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और हरियाणा की बहादुरगढ़ स्पेशल टास्क फोर्स ने संयुक्त अभियान चलाकर बहादुरगढ़ से इन आरोपियों की गिरफ्तारी की। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37(1), 37(2) और 3, तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले पुलिस ने 5 फरवरी को असराम फसाले नामक एक मैकेनिक को भी गिरफ्तार किया गया था, जो लॉरेंस गैंग से जुड़ा था और हथियार सप्लाई करता था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फायरिंग के बाद फेसबुक पर एक पोस्ट वायरल हुआ, जिसमें लॉरेंस गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली और रोहित शेट्टी को चेतावनी दी कि वे उनके काम में दखल न दें, वरना अच्छा नहीं होगा। पोस्ट में बॉलीवुड के कई अन्य लोगों को भी धमकाया गया कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो और हमले होंगे। गैंग के सदस्य शुभम लोंकर उर्फ आरजू ने यह पोस्ट डाला था।

इस बीच, रोहित शेट्टी के बाद एक्टर रणवीर सिंह को भी धमकियां मिली हैं। 10 फरवरी को रणवीर सिंह को वॉट्सऐप पर मैसेज करके फिरौती की मांग की गई, जबकि 14 फरवरी को हरि बॉक्सर के नाम से एक ऑडियो क्लिप वायरल हुआ, जिसमें करोड़ों रुपये मांगे गए। मुंबई पुलिस इसकी जांच कर रही है और आशंका जता रही है कि देशभर में अन्य लोगों को भी ऐसी धमकियां दी गई होंगी।

पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। बॉलीवुड में इस घटना से हड़कंप मचा हुआ है, और सितारों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.