बिहार में अब सम्राट राज, प्रदेश के 24वें सीएम बने, लोकभवन में विजय चौधरी-बिजेंद्र प्रसाद ने ली डिप्टी सीएम पद की शपथ

सम्राट चौधरी ने बिहार में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। लोकभवन में आज उनको राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ जदयू कोटे से सीएम नीतीश कुमार के करीबी विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। वहीं शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार भी मौजूद रहें।
इससे पहले सम्राट चौधरी ने पटना के पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा की थी। शपथ से पहले उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बता दें कि आधिकारिक तौर पर सीएम आवास 1 अणे मार्ग है। नीतीश कुमार पहले ही बंगला खाली कर चुके हैं। ऐसे में अब सम्राट चौधरी जल्द ही 1 अणे मार्ग वाले बंगले पर शिफट हो जाएंगे। इस बीच एक और रोचक बात भी सामने आई है। नीतीश कुमार पहली बार 2005 में बीजेपी के सहयोग से ही सीएम बने थे और अब 2026 में बीजेपी के साथ रहते ही सीएम पद से इस्तीफा दिया है।
शपथ के बाद क्या बोले विजय चौधरी
डिप्टी सीएम की शपथ लेने के बाद विजय चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैंने जो आज शपथ ली है, इसके लिए मैं नीतीश कुमार के प्रति आभार प्रकट करता हूं। उन्हीं के विश्वास के कारण आज मुझे ये जिम्मेदारी मिली है। नीतीश कुमार जी के रास्ते हैं, उनकी नीतियां हैं, उनके तरीके हैं उसी पर हम लोग चलने का काम करेंगे।
रोहिणी बोलीं- माया मिली न राम
इधर विपक्ष ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। लालू यादव की बेटी रोहिणी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि चौबीस घंटे भी नहीं हुए और चाचा जी पोस्टर - विज्ञापन से भी गायब कर दिए गए... इस्तीफे के पहले तक, चाचा जी के बिदकने की आशंका में , चाचा जी को ये कह कर ताड़ पर चढ़ाया जा रहा था कि 'बिहार चाचा जी के हिसाब से, उनकी ही छत्रछाया में चलाया जाएगा', मगर इस्तीफा होते ही गिरगिट की तरह रंग बदलने वाली जमात को चाचा जी की छाया व तस्वीर से भी ऐतराज हो गया ..
चाचा जी आज जिस सिचुएशन में फंसे हैं, उसके लिए ही कहा गया है " दुविधा में दोनों गए, माया मिली न राम" ..
इस लिंक को शेयर करें

