बिहार के अगले सीएम होंगे सम्राट चौधरी, कल शपथ ग्रहण समारोह, एनडीए विधायक दल की बैठक के बाद होगा औपचारिक ऐलान

Samrat Chaudhary Bihar New CM: सम्राट चौधरी बिहार के नए सीएम होंगे। आज केंद्रीय पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में उन्हें विधायक दल का नेता चुन लिया गया। एनडीए विधायक दल की बैठक के बाद उनके नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी। वहीं खबरों की मानें तो कल यानी 15 अप्रैल को लोकभवन में शपथग्रहण समारोह होगा। उधर नीतीश कुमार ने आज लोकभवन में राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंपा। इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा। मैंने इस्तीफा दे दिया है। अब नई सरकार बिहार का काम देखेगी। मेरा मार्गदर्शन रहेगा।
इस्तीफे के बाद सीएम ने क्या कहा?
नीतीश के इस्तीफे से पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उनसे मिलने पहुंचे। उनके साथ सम्राट चैधरी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चैहान भी थे। इससे पहले आज नीतीश कैबिनेट की आखिरी कैबिनेट बैठक हुई। जहां पर सीएम ने कहा कि 2005 में जब से मैं सीएम बना हूं तब से मैंने बिहार के विकास के लिए हर क्षेत्र में काम किया है। मुझसे जितना हो सका और जहां तक हो सका मैंने काम किया। सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया चाहे वह हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो या पिछड़ा हो। हर क्षेत्र में काम हुआ है। अगले पांच सालों में यानी 2025 से 2030 के लिए 7 निश्चय 3 का गठन किया गया। बिहार के विकास के लिए केंद्र की ओर से भी पूरा सहयोग मिला है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी हम नमन करते हैं। बिहार अब और तेजी से विकसित होगा और देश के टाॅप राज्यों में शामिल होगा।
सरकार फाॅर्मेशन अभी क्लियर नहीं
बता दें कि सीएम नीतीश कुमार करीब 20 सालों से बिहार के सीएम थे। इसके साथ ही बिहार में नीतीश युग का अंत हो गया है। इससे पहले कैबिनेट की बैठक के बाद बीजेपी विधायक और मंत्री रामकृपाल यादव भावुक हो गए इस दौरान वे आंसू पोंछते नजर आए। हालांकि अभी तक नई सरकार की स्थिति क्या होगी? ये अभी स्पष्ट नहीं है। कयास लगाए जा रहे हैं कि दो डिप्टी सीएम जेडीयू की ओर से होंगे। वहीं विधानसभा स्पीकर और सभापति का पद भी जेडीयू अपने पास रखना चाहेगी। इसके अलावा जेडीयू गृह विभाग भी अपने पास रख सकती है। हालांकि इसको लेकर पहले भी बीजेपी और जेडीयू के बीच तकरार हो चुकी है।
ये भी पढ़ेंः राजस्थान पंचायत चुनाव: 30 करोड़ रुपए का पंचायती ‘खेल’? चुनाव हुए ही नहीं, और बहा दिया सारा पैसा
जानें कौन हैं सम्राट चौधरी?
सम्राट चौधरी ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत 1990 के दशक से की। उनके पिता शकुनि चौधरी लालू यादव के करीबी नेताओं में से एक थे। वहीं आरजेडी की सरकार में मंत्री भी रहें। ऐसे में सम्राट चौधरी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत आरजेडी से की। 1999 में राबड़ी देवी की सरकार में वे कृषि मंत्री बने। हालांकि उनकी कम उम्र को लेकर विवाद भी हुआ। इसके बाद वे जेडीयू से जुड़े। 2014 में नीतीश कुमार के सीएम पद छोड़ने के बाद जब मांझी सीएम बने तो वे मांझी सरकार में शहरी विकास मंत्री बने। 2017 में सम्राट ने बीजेपी जाॅइन की। इसके बाद उन्हें 2023 में बिहार बीजेपी का अध्यक्ष बनाया गया। फिर नीतीश सरकार में उन्हें डिप्टी सीएम बनाया गया। इसके बाद जब 2025 में जब फिर से एनडीए की सरकार बनी तो वे एक बार फिर डिप्टी सीएम बनाए गए।
ये भी पढ़ेंः पिंक सिटी में महिला सुरक्षा पर सवाल, मनचले पास - पुलिस फेल! निर्भया स्क्वाड, कालिका पेट्रोलिंग स्क्वाड लापता
इस लिंक को शेयर करें

