राघव चड्ढा को हटाकर उपनेता बने अशोक मित्तल के ठिकानों पर ED की बड़ी रेड! CM मान बोले- टिपिकल मोदी स्टाइल, ये पंजाब चुनाव की तैयारी है

Ashok Mittal ED Raid: कुछ दिनों पहले AAP ने राज्यसभा में राघव चड्ढा को हटाकर अपने उपनेता के पद पर जिस अशोक मित्तल को बैठाया था, आज उनके पंजाब में स्थित कई ठिकानों सहित यूनिवर्सिटी पर ED की रेड पड़ चुकी है। ED ने 15 अप्रैल की सुबह अशोक मित्तल के पंजाब, गुरुग्राम और जालंधर में स्थित लगभग 9 ठिकानों और उनकी लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी पर छापेमारी की। ये छापेमारी यूनिवर्सिटी के हिसाब-किताब में गड़बड़ी और मनी लॉन्डरिंग मामले की जाँच के चलते की गयी है। बता दें कि अशोक मित्तल पंजाब से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद हैं और लवली यूनिवर्सिटी के चांसलर हैं।
इस रेड को लेकर जो बड़ा सवाल उठ रहा है, वो है रेड की टाइमिंग। अभी कुछ ही दिनों पहले पार्टी ने राज्यसभा सदन में पार्टी के उपनेता के पद से राघव चड्ढा को हटाकर अशोक मित्तल को उपनेता बनाया था। इस बदलाव के कुछ वक़्त में ही अशोक मित्तल के ठिकानों पर रेड पड़ना इस कार्यवाही पर सवालिया निशान उठा रहा है। जाँच टीम अशोक मित्तल के अन्य ठिकानों के साथ साथ उनके घर और यूनिवर्सिटी कैंपस पर भी पहुँच चुकी है। यूनिवर्सिटी के अलावा अशोक मित्तल के लवली ऑटो, लवली स्वीट्स और लवली डिस्टेंस एजुकेशन सेंटर पर भी छापा मारा गया है।
ED की अचानक या सुनियोजित तरीके से हुई छापेमारी पर आम आदमी पार्टी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर कहा कि – बीजेपी ने पंजाब चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर और यूनिवर्सिटी में जो रेड पड़ी है, ये टिपिकल मोदी स्टाइल है। लेकिन “हम भी पत्ते नहीं, जो शाख से टूटकर गिर जाएँगे। आँधियों को कह दो अपनी औकात में रहे।”
इस लिंक को शेयर करें

