SI भर्ती 2021 रद्द! किरोड़ी लाल मीणा का गहलोत पर तीखा हमला, बोले – गहलोत सरकार ने युवाओं का भविष्य बेचा था

Kirodi Lal Meena on Rajasthan SI Bharti Cancelled: शनिवार को राजस्थान हाई कोर्ट ने लम्बे समय से विवादित चल रही राजस्थान पुलिस में SI भर्ती 2021 को पूरी तरह से रद्द कर दिया है। हाईकोर्ट की खंडपीठ ने एकलपीठ के आदेशों को यथावत रखते हुए भर्ती प्रक्रिया को पूर्ण रूप से निरस्त कर दिया है। कोर्ट के इस फैसले पर किरोड़ीलाल मीणा ने अशोक गहलोत और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए बयान दिया कि अशोक गहलोत ने पेपर लीक के इस मामले को दबाने का काम किया था।
किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि मैं हाई कोर्ट के भर्ती को रद्द करने के इस बड़े फैसले का स्वागत करता हूं। किरोड़ी ने कहा कि – SI भर्ती परीक्षा में पेपर लीक होने के साथ-साथ और भी बहुत बड़ी धांधली हुई थी। इस पूरी हेरफेर के पुख्ता सबूत जाँच के लिए SOG व अन्य जाँच एजेंसियों को दिए गए थे, लेकिन पूर्व गहलोत सरकार ने राजस्थान के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया और उनकी मेहनत का सौदा किया है। अशोक गहलोत ने पेपर लीक और भर्ती घोटाले के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय इस मामले को दबाने का काम किया था।
वर्त्तमान सरकार के भर्ती फर्जीवाड़े पर एक्शन की बात करते हुए किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि बीजेपी और भजनलाल सरकार ने हमेशा ही पेपर लीक करने वाले माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की है और परीक्षा में किसी भी तरह का फर्जीवाड़ा करने वालों को भी तुरंत गिरफ्तार किया है।
अपनी बात में किरोड़ी ने आगे कहा कि मैंने कभी भी खुद का या किसी भी तरह का राजनीतिक फायदा या फिर नुकसान नहीं देखा और बिना किसी लालच के मैंने हमेशा राजस्थान के मेहनती बेरोजगार युवाओं का साथ दिया है। और मैं आगे भी उनके सपनों को कुचलने वालों के ख़िलाफ़ खड़ा मिलूंगा।
अब सिर्फ मेहनती युवा आगे बढ़ेंगे, नकलची नहीं। - किरोड़ी लाल
इस लिंक को शेयर करें

