1 अप्रैल से होंगे राजस्थान में बदलाव, जानिए क्या-क्या बदलेगा?

1st April changes in Rajasthan: राजस्थान में एक अप्रैल से बड़े बदलाव होने जा रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकारों के लिए गए फैसलों के मुताबिक ये बदलाव 1 अप्रैल से प्रदेश में लागू होने जा रहे हैं। जिसमें स्कूलों का नया सेशन, हाईवे पर सफर समेत कई बातें शामिल हैं।
पहली बार स्कूलों का नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से
राजस्थान में ये पहली बार होने जा रहा है कि स्कूलों का नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से शुरू होगा। हालांकि प्राइवेट स्कूलों में तो अगली कक्षा की पढ़ाई 1 अप्रैल से शुरू हो जाती है लेकिन सरकारी स्कूलों में 1 जुलाई से ही शैक्षणिक सत्र शुरी होता था। अब सरकार प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर ही 1 अप्रैल से सभी सरकारी स्कूलों को सत्र शुरू कर रही है। अब 1 अप्रैल से 15 मई तक पढ़ाई होगी फिर 16 मई से 20 जून तक गर्मियों की छुट्टियां होंगी और फिर 21 जून से फिर से पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
बदलेगा स्कूलों का समय
स्कूलों के शैक्षणिक सत्र के अलावा इनका समय भी बदल रहा है। स्कूलों का समय सुबह साढ़े 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक रहेगा। वहीं जो स्कूल दो पारी में चलते हैं उनका समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। वर्तमान में ये समय सुबह 10 से 4 बजे तक चल रहे हैं।
सरकारी अस्पतालों का समय बदला
1 अप्रैल से सरकारी अस्पतालों का समय भी बदलने वाला है। OPD का वक्त सुबह 8 बजे से 2 बजे तक रहेगा। अभी ये समय सुबह 9 बजे से 3 बजे तक है। वहीं जिस दिन सरकारी छुट्टी होगी उस दिन 9 बजे से 11 बजे तक OPD का समय होगा।
टोल चुकाना होगा महंगा
प्रदेश में 1 अप्रैल से नेशनल हाईवे पर सफर करना भी महंगा होगा। कॉमर्शियल और लार्ज व्हीकल के लिए टोल बढ़ाया गया है। इसमें 5 से 30 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। रिंग रोड पर लार्ज व्हीकल के लिए 5 से 20 रुपए एक्स्ट्रा टोल चुकाना होगा। वहीं कारों के टोल टैक्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की तरफ से ये नोटिफिकेशन जारी हुआ था। जिसमें जयपुर से दिल्ली जाने वाले पुराने हाइवे पर दौलतपुरा, मनोहरपुर और शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर ये नियम लागू होगा। वहीं जयपुर-किशनगढ़ हाईवे पर ठीकरिया, बड़गांव, रिंग रोड पर सीतारामपुरा, हिंगोनिया और जयपुर-सीकर राजमार्ग पर टाटियावास पर ये नियम लागू होगा।
इस लिंक को शेयर करें

