बाड़मेर के रन फाॅर राजस्थान कार्यक्रम में बांटे एक्सपायरी डेट बिस्किट, अधिकारियों में हड़कंप

बाड़मेर में आज हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर रविवार सुबह आयोजित विकसित राजस्थान- रन फाॅर राजस्थान के कार्यक्रम में प्रतिभागियों को एक्सपायरी डेट के बिस्किट बांट दिए गए। जानकारी के अनुसार बिस्किट 8 मार्च 2026 को ही एक्सपायर हो गए थे। जबकि बिस्किट का वितरण आज यानी 15 मार्च को किया गया था। इस प्रकार की लापरवाही से सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बाड़मेर में विकसित राजस्थान के लिए आयोजित दौड़ पूरी होने के बाद महात्मा गांधी हाई स्कूल के मैदान में प्रतिभागियों को अल्पाहार वितरित किया जाना था। इसमें केले और बिस्किट दिए गए। इस दौरान कुछ युवाओं ने बिस्किट के पैकेट पर छपी तारीख देखी। वीडियो के अनुसार बिस्किट पर पैकिंग डेट 9 अक्टूबर 2025 थी जबकि एक्सपायरी डेट 8 मार्च 2026 छपी थी। ऐसे में ये बिस्किट के पैकिट वितरण के लिए किसी सरकारी कार्यक्रम में 7 दिन बाद वितरण के लिए पहुंच गए।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
कार्यक्रम में कलेक्टर के अलावा बीजेपी के स्थानीय नेता भी मौजूद थे। जैसे ही यह बात अधिकारियों तक पहुंची तो हड़कंप मच गया। इसके बाद आनन फानन में बिस्किट का वितरण रुकवाया गया। मामले में जिला प्रशासन ने संबंधित दुकानदार के खिलाफ सख्त एक्शन लेने का आदेश दिया है।
इस लिंक को शेयर करें

