Big Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर केमिकल से भरे ट्रेलर से टकराई बस, ड्राइवर और बच्चे समेत 3 की मौत, 30 घायल

Big Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर केमिकल से भरे ट्रेलर से टकराई बस, ड्राइवर और बच्चे समेत 3 की मौत, 30 घायल
राजस्थान
14 Apr 2026, 10:08 am
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

Alwar Accident: मंगलवार तड़के अलवर के भीषण हादसे से पूरा प्रदेश दहल गया। यहां दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण हादसे ने एक महिला और एक बच्चे समेत 3 लोगों की जान ले ली वहीं 30 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। ये टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के आगे का हिस्सा चकनाचूर हो गया। जो आगे बैठे थे, उन्होंने मौके पर ही दर्दनाक तरीके से दम तोड़ दिया।

सोते हुए थे यात्री, तभी हुआ हादसा

ये हादसा राजगढ़ थाना इलाके के पिनान में हुआ। यहां दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर स्थित चैनल नंबर 100 पुलिया पर एक प्राइवेट बस तेज रफ्तार से आ रही थी। ये बस इंदौर से दिल्ली की तरफ जा रही थी। इसमें करीब 40 यात्री सवार थे। बिल्कुल सुबह का वक्त होने के चलते ज्यादातर लोग गहरी नींद में सो रहे थे। तभी ये बस अपने आगे चल रहे केमिकल से भरे ट्रक से जा टकराई। अचानक भीषण झटका लगने से लोगों की जब तक नींद खुलती, तब तक तो आगे का हिस्सा ट्रक में घुस गया था। आगे बैठी सवारियां तो अधमरी हो गईं थीं। बस में चीख-पुकार मची। हादसे में बस ड्राइवर की मौके पर मौत हो गई। वहीं एक महिला और एक बच्चा भी इस हादसे में मारे गए।

2 घंटे तक नहीं पहुंची पुलिस

इस हादसे की खबर पाकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने पुलिस और NHAI की रेस्क्यू टीम को जानकारी दी। लेकिन लापरवाही का आलम तो देखिए। इतने बड़े हादसे के बाद भी पुलिस या कोई अधिकारी 2 घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचा। ये बात खुद यात्रियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई। जिसे लेकर लोगों में कड़ी नाराजगी है। इधर NHAI की रेस्क्यू टीम ने बस में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायलों को आनन-फानन पिनान के आदर्श सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां से गंभीर घायल यात्रियों को हायर सेंटर रेफर किया गया।

ये भी पढ़ें- राजस्थान विधानसभा-हाईकोर्ट, बीकानेर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ये हो क्या रहा है?


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.