Jalore: गणपत सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, महिला समेत 3 आरोपी अरेस्ट

जालोर के गणपत सिंह हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने महिला समेत 3 आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अवैध संबंधों को लेकर ब्लैकमेलिंग के कारण् गणपत सिंह की हत्या की गई। घटना के बाद से ही धरने पर बैठी मृतक की मां हवा कंवर ने कहा कि हमें न्याय मिल चुका है। आरोपियों की फांसी की सजा होनी चाहिए।
बता दें कि हत्या के आरोपियों को पकड़ने के लिए परिवार पिछले करीब डेढ़ साल से संघर्ष कर रहा था। गणपत सिंह का शव 28 अगस्त 2024 को सुनसान रास्ते में कीचड़ में औंधे मुंह पड़ा मिला था। इससे पहले परिवार कलेक्टर आॅफिस के सामने भूख हड़ताल पर बैठा था लेकिन जालोर-सिरोही सांसद लुंबाराम चैधरी के आश्वासन पर खत्म की गई थी। पुलिस ने मामले में रामसीन थाना क्षेत्र निवासी वागाराम पुत्र कानाराम, गजेंद्र सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह और लच्छु देवी पत्नी सवाराम को अरेस्ट किया है। इससे पहले शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी 14 मार्च को परिवार से मिलने पहुंचे थे उस समय पूरा परिवार भावुक हो गया था।
जालोर एसपी ने किया मामले का खुलासा
जालोर एसपी शैलेंद्र सिंह ने हत्याकांड को लेकर खुलासा करते हुए कहा कि आरोपी गजेंद्र सिंह के पिता सुरेंद्र सिंह और लच्छुदेवी के बीच अवैध संबंध थे। इस बात की जानकारी गणपत सिंह को थी। वह इन दोनों को ब्लैकमेल कर रहा था। ऐसे में लच्छु देवी ने सुरेंद्र सिंह के बेटे गजेंद्र सिह के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। इसके बाद योजनानुसार लच्छुदेवी ने गणपत सिंह को सुनसान जगह पर बुलाया और उसकी हत्या कर दी। वहीं वागाराम गजेंद्र सिंह के यहां पर काम करता था इसलिए उसको भी हत्याकांड में शामिल कर लिया।
इस लिंक को शेयर करें

