जूली की बेटी की शादी में छा गए गहलोत–पायलट, सुर्खियों में ‘नजरें चुराने’ वाला वीडियो

Ashok Gehlot and Sachin Pilot: कांग्रेस नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की बेटी की शादी इन दिनों सिर्फ सामाजिक नहीं, बल्कि राजनीतिक हलकों में भी गहमागहमी की वजह बनी हुई है। समारोह में दिग्गज नेताओं का जमावड़ा रहा—बीजेपी के वरिष्ठ नेता, मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और मौजूदा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तक मंच पर पहुंचे। लेकिन सुर्खियों पर जिसने कब्जा जमाया, वो थे अशोक गहलोत और सचिन पायलट।
15 सेकेंड का वीडियो और उठते सवाल
सोशल मीडिया पर वायरल एक 15 सेकेंड के वीडियो ने पूरे कार्यक्रम की दिशा ही बदल दी। वीडियो में गहलोत और पायलट अगल-बगल बैठे दिख रहे हैं, लेकिन दिलचस्प ये कि दोनों एक बार भी एक-दूसरे की तरफ नजर उठाकर देखते तक नहीं। दोनों की बातचीत आसपास बैठे लोगों से चलती रही, पर आपस में एक भी नजर नहीं मिली।
सियासत में नज़रें नहीं मिला रहा है ,
हर कोई अपने गुनाह छुपा रहा है pic.twitter.com/MauyPSi50y
— Laxmikant bhardwaj (@lkantbhardwaj) February 16, 2026
यही नहीं, वीडियो में एक पल ऐसा भी आता है जब सचिन पायलट कुछ खाते हुए नजर आते हैं और उसी दौरान गहलोत का चेहरा एक खास रिएक्शन देता दिखाई देता है। इसी क्लिप ने आग में घी का काम किया और चर्चा शुरू हो गई—क्या दोनों नेताओं के बीच पुरानी खटास अब भी बाकी है?
लेकिन असली कहानी कुछ और…
वायरल हुए वीडियो के ठीक पहले वाला 22 सेकेंड का एक और वीडियो सामने आया, जिसने सोशल मीडिया की आधी-अधूरी व्याख्या को पलटकर रख दिया। उसी जगह का यह दूसरा वीडियो दिखाता है कि दोनों नेता सामान्य रूप से बातचीत कर रहे थे, माहौल बिल्कुल सहज था और किसी तरह की दूरी नजर नहीं आई। शादी समारोह में मौजूद पत्रकारों ने भी बताया कि जैसे ही अशोक गहलोत कार्यक्रम में पहुंचे, सचिन पायलट खुद उठकर उनसे मिलने गए, उन्हें गले लगाया और गर्मजोशी से स्वागत किया। यानी जिस कार्यक्रम को ‘तनाव’ का प्रतीक बताया जा रहा था, उसके असल नजारे इससे बिल्कुल उलट थे। जहां तक गहलोत के चेहरे के रिएक्शन को पायलट के खाने से जोड़ने की बात है, वहां भी हकीकत अलग है—गहलोत का वह हावभाव किसी दूसरी बातचीत पर था, न कि पायलट की किसी हरकत पर।
नेता प्रतिपक्ष श्री टीकाराम जूली जी की पुत्री के विवाह समारोह में कांग्रेस महासचिव श्री सचिन पायलट जी श्री अशोक गहलोत जी शामिल हुए ।@SachinPilot pic.twitter.com/cUwfYzTTQW
— Kailash Tanwar (@kailash_tanwar_) February 15, 2026
सोशल मीडिया बनाम ग्राउंड रियलिटी
वीडियो के दो अलग-अलग हिस्सों को अलग संदर्भ में देखे जाने के कारण सोशल मीडिया पर गलत दावे निकल आए। जबकि पूरा वीडियो देखने के बाद साफ है कि दोनों नेताओं के बीच न तो कोई ठंडापन दिखा और न ही किसी तरह का टकराव। वहीं सियासी जानकारों का कहना है कि ये ठंडापन सिर्फ कैमरों के सामने है लेकिन पर्दे के पीछे दोनों नेताओं के रिश्तों में अभी भी बर्फ जमी हुई है।
इस लिंक को शेयर करें

