चाकसू में विराट हिंदू सम्मेलन: सामाजिक समरसता का गूंजा संदेश, फूलों की होली और महाआरती के साथ हुआ समापन

Jaipur Virat Hindu Sammelan: चाकसू नगर की अम्बेडकर बस्ती में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें सामाजिक समरसता और एकता का जोरदार संदेश दिया गया। “एक पनघट, एक मंदिर, एक शमशान” के संकल्प के साथ हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन के तहत चम्पेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मनका रामायण पाठ, महाआरती और फूलों की होली का खास कार्यक्रम हुआ।
विहिप प्रांत प्रचार टोली के जितेश जेठानंदनी मुख्य वक्ता
सम्मेलन में मुख्य वक्ता के तौर पर विहिप प्रांत प्रचार टोली के जितेश जेठानंदनी ने मौजूदगी दर्ज कराई। बस्तीवासियों ने उन्हें राम-नाम दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया। अपने भाषण में जितेश ने हिंदू समाज की वर्तमान चुनौतियों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि “समय आ गया है जब जातियों में बंटे हिंदू समाज को एकजुट होकर खड़ा होना होगा।
‘पड़ोसी देश में हिंदुओं पर हो रहा अत्याचार’
उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार चिंताजनक हैं और ऐसे में समाज को अपनी आंतरिक एकता को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जातिगत विभाजन ही वह कमजोरी रही जिसने इतिहास में कई बार देश को टूटने दिया। वक्तव्य के दौरान उन्होंने भारत की सांस्कृतिक जड़ों को दोबारा अपनाने की अपील करते हुए कहा कि-
-हमें घरों में हिन्दी और मातृभाषाओं का प्रयोग बढ़ाना चाहिए
-हिंदू नववर्ष को अपनाना चाहिए
-स्वदेशी उत्पादों का उपयोग कर भारत को आत्मनिर्भर बनाना चाहिए
-परिवार में संवाद और संस्कार की परंपरा को जीवित रखना होगा
कार्यक्रम के बाद दिव्य झांकी के दर्शन
जितेश जेठनंदानी ने कहा कि नियम-कानून, स्वच्छता, अनुशासन और यातायात व्यवस्था के पालन जैसे छोटे-छोटे संकल्प भी समाज निर्माण में बड़ा योगदान देते हैं। मुख्य कार्यक्रम के बाद भगवान चम्पेश्वर की दिव्य झांकी के दर्शन हुए। बस्ती के उन विशिष्ट लोगों का भी सम्मान किया गया जो सालों से समाज सेवा, धार्मिक परंपराओं और अध्यात्म से जुड़े कार्य करते आ रहे हैं। आखिर में फूलों की होली और संगीतमय भजनों के बीच भक्तों ने अध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया। सम्मेलन में लगभग 350 लोग सहभागी रहे और सभी को प्रसाद वितरित किया गया।
इस लिंक को शेयर करें

