जयपुर रेंज में नशा तस्करों पर ताबड़तोड़ एक्शन, अब संपत्ति कुर्क करेगी पुलिस

राजस्थान में युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए पुलिस आॅपरेशन एंटी वेनम के तहत लगातार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश ने कहा कि तस्करों के अलावा शिक्षण संस्थान और हाॅस्टल प्रबंधन पर पुलिस की कार्रवाई होगी। आईजी राहुल प्रकाश ने चेतावनी देते हुए कहा कि सीकर जैसे एजुकेशन हब वाले जिले में हाॅस्टल और कोचिंग कैंपस में अगर नशा बिकता हुआ मिला तो वहां के प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
15 दिन में 229 कार्रवाई
आईजी ने कहा कि पुलिस में भी जवाबदेही तय की जाएगी। जिस थाना क्षेत्र में ड्रग्स पाई जाएगी वहां पर भी कानूनी कार्रवाई होगी। जो अधिकारी अपने क्षेत्र में इन चीजों पर प्रतिबंध लगएंगे उन्हें राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। बता दें कि जयपुर संभाग में पिछले 15 दिन में पुलिस ने 229 तस्करों और उनके ठिकानों पर कार्रवाई की है। सबसे ज्यादा कार्रवाई सीकर और जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में की गई है। इन दोनों जगहों पर 49 कार्रवाईयां की गई हैं। वहीं दौसा में भी 35 कार्रवाईयां की गई हैं। अलवर में 26, कोटपुतली-बहरोड़ और दूदू जिलों में 24 कार्रवाईयां की गई हैं।
तस्करों की संपत्ति कुर्क करेगी पुलिस
पुलिस ने इस दौरान 2 करोड़ रुपये की एमडी, स्मैक, गांजा, डोडा-पोस्त, प्रतिबंधित नशीली दवाइयां और अफीम जब्त की हैं। इसके साथ ही पुलिस तस्करों की कमर तोड़ने के लिए उनकी अवैध संपतियों की सूची तैयार कर रही है ताकि उन्हें कुर्क किया जा सके। वहीं डिटेन किए तस्करों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस सप्लायरों तक भी पहुंचेगी। इसके साथ ही पुलिस युवाओं को मुख्यधारा में जन सहयोग से नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करेगी ताकि जयपुर रेंज को प्रदेश की सबसे बेहतर रेंज बनाया ज सकें।
इस लिंक को शेयर करें

