जैसलमेर में दर्दनाक हादसा, लीलण एक्सप्रेस ने ऊंटों के झुंड को मारी टक्कर, 6 राज्य पशुओं की मौत

जैसलमेर में रविवार रात को दर्दनाक हादसा हो गया। लाठी गांव के पास लीलण एक्सप्रेस ने पटरियां पार कर रहे ऊंटों के झुंड को टक्कर मार दी। इस हादसे में 6 ऊंटों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि 2 ऊंट रेल के इंजन में बुरी तरह फंस गए। जिन्हें निकालने के काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान आधे घंटे जोधपुर-जैसलमेर रेल मार्ग बाधित रहा।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 1 बजे ऊंटों का झुंड लाठी रेलवे स्टेशन के पास से पटरी पार कर रहा था। इस दौरान पोकरण की ओर जा रही लीलण एक्सप्रेस ऊंटों के झुंड से टकरा गई। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रेल को रोकने की कोशिश की लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
30 मिनट बाधित रहा रेल यातायात
हादसे के बाद नजदीक रेलवे स्टेशन से रेलकर्मी मौके पर पहुंचे। इस दौरान गनीमत रही कि डिब्बे पटरी से नहीं उतरे वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद रेलवे की ओर से जमादार रेंवतराम चैधरी, वन्यजीव प्रेमी मौके पर पहुंचे और हादसे का शिकार हुए ऊंटों को रेलवे ट्रैक से हटाया। करीब 20-30 मिनट तक रेल यातायात बाधित रहा।
फेंसिंग और चारदीवारी जरूरी
बता दें कि जैसलमेर एक पशु बाहुल्य जिला है। यहां पर लोग कृषि के साथ-साथ मवेशी पालन का काम भी करते हैं। रेलवे लाइन के आसपास जंगल होने के कारण आवारा पशु अक्सर चरते रहते हैं। ऐसे में रेलवे लाइन भी जंगल के बीच से गुजर रही है। इसलिए हादसे होना आम हो गया है। ऐसे में रेलवे को हादसे वाली जगहों पर चार दीवारी करनी चाहिए ताकि इस प्रकार के हादसे और न हो।
इस लिंक को शेयर करें

