साध्वी प्रेम बाईसा संदिग्ध मौत पर से उठा पर्दा: ज़हर या साज़िश नहीं, इस वजह से गयी प्रेम बाईसा की जान...

Reason of Death of Sadhwi Perm Baisa: 18 दिनों से रहस्य बनी साध्वी प्रेम बाईसा की मौत का कारण अब साफ़ हो गया है। अचानक हुई प्रेम बाईसा की मौत को कई तरह के अंदाज़े और अटकलें लगायी जा रही थीं, लेकिन अब फॉरेंसिक रिपोर्ट और विसरा की रिपोर्ट आ जाने के बाद अब मौत के कारण पर से धुंध हट चुकी है। रिपोर्ट में बताया गया कि साध्वी की मौत कार्डियक अरेस्ट और सांस की बीमारी (अस्थमा) के चलते हुई है। हालाँकि, रिपोर्ट में कुछ ऐसे तथ्य भी सामने आये हैं, जो कुछ-कुछ कम्पाउण्डर देवी सिंह की लापरवाही की तरफ इशारा कर रहे हैं। (Cardiac Arrest and Asthama)
दरअसल, 28 जनवरी को प्रेम बाईसा अचानक चीखते हुए अपने आश्रम में ज़मीन पर गिर पड़ी। उनके पिता और एक सेवक ने तुरंत उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद उनकी मौत क्यों हुई, ये साफ़ नहीं हो पाया था, जिसकी वजह से लोग कई तरह की अटकलें लगा रहे थे। हालाँकि, पुलिस ने गलत दवाई देने के शक में कम्पाउण्डर देवी सिंह को हिरासत में लिया था, लेकिन बिना ठोस रिपोर्ट के पुलिस भी किसी व्यक्ति पर पूरी कार्यवाही नहीं कर सकती थी। रिपोर्ट में सामने आया कि मौत की वजह ज़हर या किसी तरह का ड्रग रिएक्शन नहीं था, जिसके बाद फ़िलहाल के लिए देवीसिंह को छोड़ दिया गया है।
क्या लिखा है रिपोर्ट में?
प्रेम बाईसा की रिपोर्ट में सामने आया कि उनकी मृत्यु का कारण कार्डियक अरेस्ट और सांस का रुकना है। साध्वी को पहले से सांस और अस्थमा की बीमारी थी। इसके ऊपर, उस दिन उन्हें तेज़ ज़ुकाम भी हो गया था, जिसकी वजह से उनका अस्थमा और गंभीर हो गया। अस्थमा और सांस के रुकने से उन्हें कार्डियक अरेस्ट हो गया, जो उनकी मृत्यु का कारण बना।
हालाँकि, पुलिस ने कहा है कि ये तथ्य अभी केवल शुरूआती रिपोर्ट में सामने आए हैं। अभी तक विस्तृत फॉरेंसिक रिपोर्ट नहीं आई है। पुलिस ने भी अभी तक देवी सिंह को शक के घेरे से बाहर नहीं किया है। रिपोर्ट के कुछ तथ्यों के अनुसार, देवीसिंह ने बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के जो इंजेक्शन उन्हें दिए थे, संभव है कि उन्होंने भी किसी तरह से साध्वी की सेहत को प्रभावित किया हो।
बता दें कि कम्पाउण्डर देवीसिंह ने बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रेम बाईसा को Dexona और Dynapar इंजेक्शन दिए थे। ये इंजेक्शन मेडिकल काउंसिल में रजिस्टर्ड नहीं है, और देवीसिंह खुद उन्हें अपने साथ लेकर आया था। पुलिस ने मेडिकल काउंसिल से उनकी राय मांगी है, जिसके बाद कोई सम्बन्ध पाए जाने पर देवीसिंह के खिलाफ भी BNS की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस ने वापस कहा कि जो भी बातें अभी तक सामने आई हैं, वे सिर्फ प्रारंभिक जाँच में सामने आये तथ्य हैं। डिटेल्ड रिपोर्ट आने में अभी समय है। इस वक़्त पुलिस और सबकी नज़र फाइनल रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
इस लिंक को शेयर करें

