विधायक सिफारिश लगाना बंद कर दें तो सारे पद भरकर दिखा दूंगा...अस्पतालों में खाली पदों के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री खींवसर का जवाब

Rajasthan Vidhansabha: राजस्थान विधानसभा में बीते दिन स्वास्थ्य बजट पर चर्चा हुई। जिसमें पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने सरकार से चिकित्सा सेवाओं के खस्ताहाल होने पर सवाल पूछे। चाहे वो प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल सवाई मानसिंह (SMS Hospital, Jaipur) की बात हो या फिर प्राइवेट अस्पतालों में इलाज की। इसके साथ ही सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर्स, नर्स समेत खाली पड़े कई पदों का भी सवाल उठाया गया। इन सब सवालों के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर (Gajendra Singh Khimsar) ने रिकॉर्ड पेश किए। उन्होंने अस्पतालों में खाली पड़े पदों को भरने के जवाब में दो टूक कहा कि विधायक अस्पतालों की भर्ती में सिफारिशें लगवाना बंद कर दें, उसी साल सारे के सारे पद भरकर दिखा दूंगा।
सिफारिशें बंद कर दो, भर दूंगा पद- स्वास्थ्य मंत्री
अस्पतालों में खाली पदों का जिक्र होते ही चिकित्सा मंत्री खींवसर ने साफ कहा कि विधायक अस्पतालों के इन खाली पदों पर सिफारिशें लगाते हैं, जिसकी वजह से पद खाली पड़े रहते हैं, उनके पसंदीदा लोग नौकरी पाते हैं। असली गुनहगार तो हम लोग हैं। उन्होंने कहा कि कई बार कर्मचारियों के बार-बार ट्रांसफर, कोर्ट केस की वजह से जरूरत से ज्यादा स्टाफ हो जाता है, जबकि दूसरी जगह पद खाली पड़े रहते हैं।
मंत्री खींवसर ने कहा कि हाल ही में एक हजार डॉक्टरों की पोस्टिंग की गई, मगर उनमें से कई ने फिर संशोधन की मांग कर दी। उन्होंने विधायकों से कहा कि अगर सभी विधायक सिफारिशें बंद करने का संकल्प ले लें, तो किसी भी अस्पताल में स्टाफ की कमी नहीं बचेगी।
स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर बोले- कमजोरी हमारी है,दुख हम पा रहे हैं और रो भी हम रहे हैं, विधायक सिफारिश करना बंद कर दें तो किसी अस्पताल में पद खाली नहीं रहेंगे pic.twitter.com/zuvUGZWQes
— Goverdhan Chaudhary (@Goverdhan__) February 18, 2026
‘सरकार कब तक इस घोड़े को चाबुक मारे’
स्वास्थ्य मंत्री खींवसर ने चिकित्सा सुविधाओं पर बढ़ती उम्मीदों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार फ्री में दवाए भी दे, अस्पताल तो बनाए ही, स्टाफ भी दे, तो इन सबके बीच संतुलन बनाए रखना काफी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। उन्होंने सदन में बार-बार दबाव बनाने की आदत पर भी कटाक्ष किया। और कहा कि जिस तरह से सदस्य सरकार पर लगातार दबाव बनाते हैं, उसकी जगह आप लोग समाधान क्यों नहीं देते, वो भी प्रैक्टिकल।
सरकार ने ढाई साल में कर दी 52,409 पदों पर भर्ती
विधानसभा में स्वास्थ्य बजट पर चर्चा के दौरान मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने स्वाथ्य विभाग में भर्तियों का भी लेखा-जोखा रखा। साथ ही कांग्रेस की पिछली सरकार से इसकी तुलना भी की। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने ढाई साल में 52,409 भर्तियां की हैं जबकि पिछली कांग्रेस सरकार ने 5 सालों में सिर्फ 29 हजार भर्तियां ही की थीं। इस सरकार में करीब 25 हजार डॉक्टर्स और नर्सिंग कर्मियों को मेरिट और पसंद के आधार पर पोर्टल के जरिए पोस्टिंग दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में सरकारी निवेश का भी जिक्र किया। साथ ही बताया कि विभाग का बजट वर्ष 2019-20 में 13,000 करोड़ रुपये था, जो 2022-23 में बढ़कर 20,000 करोड़ हो गया। वर्तमान सरकार बनने के बाद इसे बढ़ाकर 27,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जबकि इस बार 2026-27 के बजट में 31,000 करोड़ से ज्यादा का प्रस्ताव रखा गया है।
इस लिंक को शेयर करें

