पंचायत चुनाव की देरी पर बोले मंत्री जोगाराम पटेल, सरकार का काम नहीं है चुनाव कराना बल्कि...

Rajasthan Panchayat Election: राजस्थान पंचायत और निकाय चुनाव में देरी को लेकर हाईकोर्ट में कांग्रेस नेता संयम लोढ़ा के याचिका लगाने का मुद्दा सियासी सरगर्मी पकड़ चुका है। इस मामले में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। उन्होंने तो ये भी कह दिया कि सरकार का काम चुनाव कराना नहीं है बल्कि चुनाव से पहले सारी तैयारी पूरी कराना है और उनके विभाग की तरफ से तैयारी पूरी हो चुकी है।
जोगाराम पटेल ने कहा कि ये बात कोर्ट तक पहुंच चुकी है कि OBC आरक्षण रिपोर्ट मे देरी की वजह से चुनाव में देरी हो रही है फिर भी कांग्रेस के नेता हाईकोर्ट में याचिका लगा आए और आरोप लगा दिया कि सरकार चुनाव में जानबूझ कर देरी कर रही है। कांग्रसे ये कह दे कि ओबीसी आयोग की रिपोर्ट के बगैर चुनाव करा लो तो इस पर विचार किया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग के नियमों के मुताबिक ही चुनाव होंगे।
बता दें कि कांग्रेस के पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने राजस्थान हाईकोर्ट में बीती 18 मार्च को सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ याचिका दायर कर आए हैं। उन्होंने याचिका में कहा कि आयोग और सरकार सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवमानना कर रहे हैं। सरकार वन स्टेट वन इलेक्शन की बात कह कर चुनावों को टालना चाहती है। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने 15 अप्रैल से पहले चुनाव कराने का आदेश दिया है।
इस लिंक को शेयर करें

