पहले कहा मैं आपसे प्यार करता हूं, फिर सदन से कर दिया वॉकआउट, सदन में टीकाराम जूली और स्वास्थ्य मंत्री में भिड़ंत

पहले कहा मैं आपसे प्यार करता हूं, फिर सदन से कर दिया वॉकआउट, सदन में टीकाराम जूली और स्वास्थ्य मंत्री में भिड़ंत
राजस्थान
19 Feb 2026, 02:34 pm
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

Rajasthan Assembly: राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। वजह थी कि अस्पतालों की बदहाली जो जवाब स्वास्थ्य मंत्री (Gajendra Singh Khimsar) ने दिया था उससे टीकाराम जूली और कांग्रेस संतुष्ट नहीं हुए। जब उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया तो उन्होंने सदन से वॉकआउट कर दिया। जब उन्होंने वॉकआउट किया उस वक्त संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल (Jogaram Patel) जवाब दे रहे थे।

अचरोल की जगह आमेर का जवाब दे गए स्वास्थ्य मंत्री

दरअसल सदन में प्रश्नकाल के दौरान आमेर विधायक प्रशांत शर्मा ने आमेर और अचरोल के अस्पतालों में बदहाली का मुद्दा उठाया था। स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने जब इसका जवाब दिया तो नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री कंफ्यूज हो गए हैं। उन्होंने आमेर का जवाब दे दिया है जबकि सवाल अचरोल के लिए था। इस पर खींवसर ने कहा कि सदस्य आमेर विधानसभा के हैं, तो उन्होंने आमेर के लिए ही सवाल पूथा होगा। इस पर दोनों के बीच नोंकझोंक हुई और जब जूली के सवाल का जवाब नहीं मिला और संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल बोलने के खड़े हो गए तो जूली समेत कांग्रेस नेता सदन से वॉकआउट कर गए। जूली ने सरकार पर सदन में गलत जवाब देने का आरोप लगाया।

आपसे प्यार ज्यादा है इसलिए खड़ा हो जाता हूं- टीकाराम जूली

गजेंद्र सिंह खींवसर ने टीकाराम जूली के बार-बार खड़े होकर टोके जाने को लेकर तंज कसा और कहा कि जब भी हम कुछ जवाब देते हैं तो नेता प्रतिपक्ष बार-बार खड़े क्यों हो जाते हैं? तो इस पर टीकाराम जूली ने कहा कि मुझे आपसे (खींवसर) से प्यार बहुत ज्यादा है, इसलिए मैं तो आपके लिए बार-बार खड़ा हो जाता हूं। चिकित्सा मंत्री खींवसर ने जूली पर तंज कसते हुए कहा कि विधायक ने मूल सवाल तो 4 आने का पूछा था, लेकिन पूरक सवाल 12 आने का पूछ रहे हैं। इसके बाद खींवसर ने सवाल से जुड़े जवाब का ब्यौरा सदन के पटल पर रखा।

क्या था विधायक का सवाल?

दरअसल आमेर विधायक प्रशांत शर्मा ने अचरोल में सैटेलाइट अस्पताल के लिए जो 10 हजार वर्ग मीटर की जमीन दी गई है उसका ट्रांसफर को लेकर सवाल पूछा था। इसके जवाब में मंत्री खींवसर ने कहा कि वर्तमान अस्पताल एक हेरिटेज बिल्डिंग में चल रहा है, जिसे शिफ्ट करने के लिए JDA को लेटर लिखा है।



इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.