Rajkumar Roat: आदिवासियों की जमीनें छीन रही सरकार, बीजेपी पर राजकुमार रोत का करारा हमला

Rajasthan Politics: बांसवाड़ा-डूंगरपुर सांसद राजकुमार रोत ने बीजेपी सरकार को आड़े हाथ लिया और कहा कि जो सरकार बजट लेकर आई उसमें आदिवासियों के लिए कुछ भी नहीं था। जनजातीय क्षेत्रों के लिए कोई ठोस व्यवस्था की गई। उन्होंने ये भी कहा कि जनजाति क्षेत्रीय विकास यानी TAD भ्रष्टाचार का केंद्र बन चुका है। यहां तक कि कमिश्नर और मंत्री स्तर के भी फर्जी साइन तक होने का शक है।
TAD विभाग में फंड का हो रहा दुरुपयोग
राजकुमार रोत जयपुर में BAP पार्टी की आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे। उनके साथ प्रेस कांफ्रेंस में विधायक थावरचंद डामोर, जयकृष्ण पटेल, उमेश डामोर, अनिल कटारा भी मौजूद थे। रोत ने कहा कि TAD विभाग में फंड का जमकर दुरुपयोग हो रहा है। आदिवासियों के नाम पर जो बजट दिया गया है उसका काम तो जमीन पर दिखाई ही नहीं दे रहा है।
कमिश्नर, मंत्री तक के हो रहे फर्जी साइन- रोत
रोत (Rajkumar Roat) ने कहा कि TAD विभाग में भ्रष्टाचार इस कदर फैल चुका है कि फाइलों में कमिश्नर के फर्जी साइन तक होने के मामले सामने आए हैं। तो मंत्री के भी फर्जी साइन किए जा सकते हैं। रोत ने सरकार पर आरोप लगाया कि TAD विभाग के छात्रावासों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जो सरकारी नियमों के उलट हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकारी संस्थानों में ऐसे सम्मेलन करवाना सही है?
‘आदिवासियों की जमीनों को छीन रही सरकार’
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में BAP सांसद रोत ने सरकारी नीतियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आदिवासियों की जमीनों को बैकडोर तरीके से छीनने की कोशिश कर रही है। काश्तकारी अधिनियम—1995 की धारा 42-B के तहत भूमि कन्वर्ज़न में गड़बड़ी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कन्वर्ज़न कानून में बदलाव करके अब तहसीलदार को मंजूरी का अधिकार दे दिया गया है। पहले 90 दिन की कन्वर्ज़न मियाद को घटाकर 45 दिन कर दिया गया और अब जमीन तक पहुंच मार्ग की अनिवार्यता भी हटाई गई।
रोत ने कहा कि सरकार जो ये बदलाव कर रही है वो आदिवासी क्षेत्रों की सुरक्षा और अधिकारों के खिलाफ हैं। इससे तो ऐसा लग रहा है कि सरकार जमीनों को निजी हाथों में सौंपने जा रही है। BAP राजस्थान विधानसभा में तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है और जनजातीय क्षेत्रों के हितों की रक्षा के लिए लगातार लड़ाई जारी रखेगी।
इस लिंक को शेयर करें

