सवाईमाधोपुर: हत्या की कोशिश या आत्महत्या...जिंदा जलाए युवक पर SP ज्येष्ठा मैत्रेयी के बयान के बाद उलझा केस

Sawai Madhopur: सवाई माधोपुर में एक युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने के मामले में चौंकाने वाला मोड़ आ गया है। इस मामले में SP ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बयान दिया है कि ये कोई जिंदा जलाने का मामला नहीं था, ये आत्मदाह जैसा प्रतीत हो रहा है। बता दें कि युवक की मौत हो चुकी है।
लड़की के पिता को 7 लाख उधार देने की बात
ये केस सवाई माधोपुर जिले के सुरवाल के धनौली गांव का है। मलारना डूंगर के टेक की झोपड़ी के रहने वाले 28 साल के लोकेश मीणा को आग में जिंदा जलाने का आरोप है। युवक ने मरने से पहले बयान दिया था कि धनौली गांव में एक लड़की के पिता को 7 लाख रुपए उधार दिए थे। जब वो पैसे मांगने के लिए लड़की के घर सोमवार को गया और अपने पैसे मांगे तो लड़की के पिता और भाई ने उससे मारपीट की और उस पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया।
इलाज के दौरान मौत
जलाने से लोकेश मीणा 80 प्रतिशत तक जल गए। पुलिस ने उसे सवाई माधोपुर चिकित्सालय में भर्ती कराया था लेकिन हालत गंभीर होने के चलते जयपुर रेफर कर दिया गया था लेकिन यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
SP ज्येष्ठा मैत्रेयी बोलीं- प्रेम प्रसंग में लड़के ने आत्मदाह किया
लेकिन इस मामले में सवाई माधोपुर की SP ज्येष्ठा मैत्रेयी ने कहा कि जिंदा जलाने जैसी कोई बात नहीं है। जिस लड़की की बात युवक ने की, कि उसके पिता को 7 लाख रुपए दिए है, असल में वो उस लड़की से प्रेम करता था। दोनों का प्रेम प्रसंग था। ये युवक लड़की से शादी करना चाहता था। लेकिन लड़की के घरवाले एक ही गोत्र होने के चलते इस शादी से सहमत नहीं थे। इसलिए लड़के ने आग लगाकर खुद को जला लिया। ये आत्मदाह का मामला है। बयान तो कोई कुछ भी दे सकता है।
ऐसे में अब इस केस ने अजब मोड़ ले लिया है। मृतक युवक का आखिरी बयान जो था उससे पुलिस खुद ही पल्ला झाड़ रही है और इस घटना को आत्महत्या का केस बता रही है। ऐसे में ये मामला आगे क्या मोड़ लेने वाला है, ये देखने वाली बात होगी।
इनपुट- SD शर्मा
ये भी पढ़ें- कौन है वो महिला IPS, 7 दिन में 3 तबादलों से बटोर रही सुर्खियां
इस लिंक को शेयर करें

