सीकर में ड्रग तस्करी का ग्लैमरस चेहरा बेनकाब, स्कूटी पर MDMA सप्लाई करने वाली युवती गिरफ्तार

Sikar: राजस्थान पुलिस नशे के कारोबारियों पर लगातार हमले कर रही है। इसी कड़ी में इस बार सीकर जिले की पुलिस ने ‘ऑपरेशन एंटी-वेनम’ मुहिम में एक बार फिर धमाका किया है। देर रात गश्त कर रही सीकर जिले की कोतवाली पुलिस की टीम ने एक ऐसी लड़की को गिरफ्तार किया है, जो देर रात स्कूटी पर ही ड्रग्स बेच रही थी। तलाशी के दौरान लड़की के पास से 5.17 ग्राम MDMA (सफेद जहर) बरामद हुआ। ड्रग्स सप्लाई कर रही लड़की को पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार किया और उसकी स्कूटी भी जब्त कर ली गई।
गिरफ्तार युवती की पहचान फागलवा निवासी पूजा कुमारी के रूप में हुई है। कोतवाली थाना अधिकारी सुनील जांगिड़ ने बताया कि रात को गश्त करते वक़्त पुलिस दल ने पूजा को स्कूटी पर संदिग्ध हालत में देखा। तलाशी लेने पर उसके पास से नशे के पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि पूजा मोबाइल पर ड्रग्स सप्लाई के ऑर्डर लेती थी और शहर के अमीर लोगों और युवाओं को MDMA की सप्लाई करती थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को खंगालना शुरू कर दिया है और MDMA जैसे महंगे नशे की सप्लाई चेन को ट्रेस कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा तस्कर अपने बचाव के लिए अब महिलाओं को ढाल की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं ताकि पुलिस को शक न हो।
पुलिस 15 से 31 मार्च तक ऑपरेशन एंटी-वेनम चलाकर लगातार छोटे-बड़े ड्रग स्मगलर्स पर शिकंजा कस रही है। इससे पहले भी पुलिस ने 17 मार्च को अंकित सोनी के पास 160 ग्राम गांजा और 20 मार्च को साहिल के पास 2.15 ग्राम स्मैक बरामद किया था। पुलिस की ये कार्रवाई ड्रग सप्लाई के पूरे नेटवर्क को ख़त्म करने तक जारी रहेगी।
इस लिंक को शेयर करें

