SI भर्ती-2021 समेत शिक्षक भर्ती परीक्षा मामले में SOG ने धरे 15 आरोपी, 15-15 लाख तक में डील, जानिए कैसे पकड़ा गया पूरा खेल

Rajasthan SOG Action on Paper leak and Dummy Candidate: राजस्थान में पेपर लीक और डमी कैंडिडेट मामले में बीते सोमवार को SOG ने ताबड़तोड़ कार्रवाई लेते हुए बड़ी गिरफ्तारी की है। इसमें SI भर्ती 2021 में अपनी जगह डमी कैंडिडेट बिठाने वाले मूल अभ्यर्थी और BSTC Exam 2019-2020 में डमी शामिल हैं। इनमें 13 मूल अभ्यर्थी और 2 डमी शामिल हैं। इसमें सबसे बड़ी गिरफ्तारी SI भर्ती परीक्षा 2021 (SI Bharti Exam 2021) वाले मामले में रही। क्योंकि SOG ने आरोपी को 5 साल बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम सियाराम मीणा (32) है। उसने 15 लाख रुपए में सौदा कर अपनी जगह डमी कैंडिडेट को बिठाया था। डमी की मदद से आरोपी सियाराम अच्छे नंबरों से पास भी हो गया।
SOG ADG विशाल बंसल ने बताया कि अलीनगर-टोंक का रहने वाला आरोपी सियाराम डेढ़ साल से फरार चल रहा था। उसने हनुमान प्रसाद मीणा नाम के व्यक्ति से 15 लाख रुपए में सौदा किया था। 13 सितंबर 2021 को हुई परीक्षा (SI Bharti Exam 2021) में सियाराम की जगह किसी और ने पेपर दिया। जिसके चलते सियाराम को हिंदी में 200 में से 140.21 और सामान्य ज्ञान में 109 नंबर मिले।
इस डमी की मदद से सियाराम ने लिखित परीक्षा तो पास कर ली, लेकिन SOG की जांच के बीच RPSC ने डिबार कर दिया। वहीं मामले की जांच कर रहे ASP चिरंजीलाल मीणा लगातार आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर रहे थे। क्योंकि सियाराम पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। लेकिन सोमवार को टोंक पुलिस की मदद से उसे पकड़ लिया गया। जिसके बाद कोर्ट में उसे पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को 9 अप्रैल तक रिमांड पर दिया है।
2019 और 2020 की शिक्षक भर्ती (BSTC Exam) में 12 मूल अभ्यर्थी गिरफ्तार
दूसरी तरफ SOG ने 2019 और 2020 की BSTC (प्री डीएलएड/बीएलएड) में 2 महिलाओं सहित 12 मूल अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। इन्होंने अपनी जगह डमी कैंडिडेट बिठाए थे। इनमें 11 उदयपुर के हैं और एक भरतपुर का रहने वाला है।




SOG ADG विशाल बंसल ने बताया कि BSTC Exam 2019 2020 में पकड़े गए आरोपियों के नाम जगदीश गमार जीवतराम मोडिया, लक्ष्मी कुमारी, मलालाल भगौरा, मुकेश, लोकेश कुमार, प्रेम कुमारी, राहुल, संजय, विक्रम, विशाल, रवीन्द्र सिंह हैं। इन सभी को गिरफ्तार किया गया है।
सिग्नेचर और हैंड राइटिंग से पकड़ा पूरा खेल
मामले की जानकारी देते हुए DIG परिस देशमुख ने बताया कि इस 5 साल पुराने केस का पर्दाफाश तब हुआ, जब 4 फरवरी 2021 को पाली के रोहट थाना पुलिस ने अशोक सारण नाम के एक संदिग्ध को पकड़ा। उसकी जेब से BSTC परीक्षा से जुड़े कई दस्तावेज मिले। ये डमी कैंडिडेट बैठाने का रैकेट चला रहा था। SOG ने शक के आधार पर मूल अभ्यर्थियों की लिखावट और उनके सिग्नेचर के नमूने लिए। इसके बाद उन्हें विधि विज्ञान प्रयोगशाला यानी FSL भेजा। जहां दूध का दूध और पानी का पानी हो गया। जांच में असली अभ्यर्थियों के साइन और परीक्षा हॉल में किए गए साइन मैच ही नहीं हुए। जिससे साफ हो गया कि परीक्षा किसी और ने दी थी। अब अगला नंबर डमी कैंडिडेट का है। पुलिस अब उन लोगों की तलाश में है, जिन्होंने इन 12 लोगों की जगह बैठकर परीक्षा दी थी।
ये भी पढ़ें- SI भर्ती 2021 रद्द! किरोड़ी लाल मीणा का गहलोत पर तीखा हमला, बोले – गहलोत सरकार ने युवाओं का भविष्य बेचा था
ये भी पढ़ें- राजस्थान SI भर्ती 2021 रद्द: हाईकोर्ट ने परीक्षा को पूरी तरह खारिज किया, अब क्या होगा आगे?
इस लिंक को शेयर करें

