Union Budget 2026 पर बोले भजनलाल - युवा, महिला, गरीब और किसानों के लिए कल्याणकारी! राजस्थान को सेमीकंडक्टर, टेक्सटाइल और इंडस्ट्री में मिलेगा बड़ा बूस्ट

Bhajan Lal Sharma on Union Budget 2026-27: 01 फ़रवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के यूनियन बजट की घोषणा की। इसी बजट पर टिप्पणी करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बजट को युवा, महिला, गरीब, किसान और आम नागरिक के कल्याण के लिए समर्पित बताया। भजनलाल ने प्रधानमंत्री मोदी और निर्मला सीतारमण का आभार जताते हुए कहा कि यह बजट देश की आशाओं और आकांक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत तेजी से विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है। इस नए बजट से अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। भजनलाल ने कहा कि ये बजट सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर आधारित है, इसलिए ये राजस्थान को राष्ट्रीय विकास में और मजबूती से जोड़ेगा।
भजनलाल ने बजट की बड़ी घोषणाओं पर जोर डालते हुए कहा कि इस बजट में युवाओं के लिए रोजगार, स्किल डेवलपमेंट और स्टार्टअप को बढ़ावा देने वाले प्रावधान शामिल हैं। साथ ही, महिला सशक्तिकरण के लिए 'शी मार्ट' जैसी योजनाएं और हर जिले में बालिका छात्रावास की स्थापना भी किये जाने की घोषणा की है। इसके अलावा कैंसर और इसके जैसी गंभीर बीमारियों की दवाइयों पर से कस्टम ड्यूटी हटेगी और छोटे व माध्यम स्तर के उद्योगों को बड़े बाजार तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
राजस्थान को लेकर मुख्यमंत्री ने ख़ास तौर से इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, डेटा सेंटर, क्लाउड सर्विसेज को प्रोत्साहन, मेगा टेक्सटाइल पार्क, 200 नए इंडस्ट्रियल क्लस्टर, सोलर एनर्जी और माइनिंग एरिया की घोषणाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश ने जो सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर नीतियां जारी की है, उनके साथ ये प्रावधान राजस्थान को बड़ा फायदा पहुंचाएंगे।
उन्होंने बताया कि बजट में वीबी-जी राम जी योजना की आवंटन राशि 86 हजार करोड़ से बढ़ाकर 95,692 करोड़ रुपये कर दी गयी है। इससे राजस्थान को ज्यादा धनराशि और रिसोर्सेज मिलेंगे। बजट की लोन लिंक्ड कैपिटल इन्वेस्टमेंट सब्सिडी स्कीम से राजस्थान के पशुपालन क्षेत्र को भी काफी फायदा होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट भारत को 'पाथ ब्रेकिंग रिफॉर्म एक्सप्रेस' पर तेजी से आगे बढ़ाने वाला साबित होगा।
ये भी पढ़ें- नरेश मीणा के सामने झुकी सरकार! रात भर हाईवे पर चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद मांगों पर बनी सहमति
इस लिंक को शेयर करें