केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी होंगे उत्तर प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष

केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी का उत्तर प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बनना तय हो गया है। अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम समय-सीमा रविवार दोपहर 3 बजे तक थी, लेकिन पंकज चौधरी के अलावा किसी भी नेता ने नामांकन नहीं किया। ऐसे में उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।
पंकज चौधरी ने शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया था। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक समेत पार्टी के 10 वरिष्ठ नेताओं ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, रविवार को लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल औपचारिक रूप से नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान करेंगे।
इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रहे सस्पेंस के बीच मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बिना नाम लिए नए अध्यक्ष के संकेत दे दिए थे। उन्होंने कहा था कि नया अध्यक्ष सात बार सांसद रह चुका है, अपने समाज में लोकप्रिय है और पार्टी संगठन में अहम जिम्मेदारियां निभा चुका है। स्वतंत्र देव सिंह का यह बयान सीधे तौर पर पंकज चौधरी की ओर इशारा कर रहा था।
रविवार दोपहर करीब एक बजे पंकज चौधरी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और भाजपा नेता विनोद तावड़े के साथ दिल्ली से लखनऊ पहुंचे थे। पंकज चौधरी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर मंडल से आते हैं और महाराजगंज लोकसभा सीट से सात बार सांसद रह चुके हैं। वे ओबीसी वर्ग की कुर्मी बिरादरी से ताल्लुक रखते हैं, जिसे देखते हुए पार्टी के सामाजिक संतुलन की रणनीति भी साफ नजर आती है।
गौरतलब है कि यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति 15 जनवरी 2025 को प्रस्तावित थी, लेकिन महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव, यूपी उपचुनाव और बाद में बिहार चुनावों के चलते यह फैसला लगातार टलता रहा। अब सभी चुनावी व्यस्तताओं के बाद पार्टी ने प्रदेश संगठन को नई नेतृत्व दिशा देने की तैयारी कर ली है।
इस लिंक को शेयर करें